
सीहोर, मध्य प्रदेश: सावन मास के पावन अवसर पर सीहोर में अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के सान्निध्य में भव्य कांवड़ यात्रा निकाली गई। इस विशाल धार्मिक यात्रा में देशभर से 2 लाख से अधिक श्रद्धालु सीहोर पहुंचे। हर-हर महादेव और ‘श्री शिवाय नमस्तुभ्यम्’ के जयघोष से पूरा क्षेत्र शिवमय नजर आया।
यात्रा की शुरुआत सीवन नदी के तट से हुई, जहां पंडित प्रदीप मिश्रा सहित लाखों शिवभक्तों ने नदी से जल भरकर कांवड़ उठाई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने करीब 11 किलोमीटर पैदल यात्रा करते हुए कुबेरेश्वर धाम पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया।
पूरे यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना। जगह-जगह सामाजिक संगठनों की ओर से फलाहार और पेयजल की व्यवस्था की गई, जबकि भक्तों पर पुष्पवर्षा भी की गई। कुबेरेश्वर धाम पहुंचकर श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का अभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की।
भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और श्री विट्ठलेश सेवा समिति की ओर से सुरक्षा, पार्किंग और यातायात व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए थे। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की आस्था और शिवभक्ति का विशाल स्वरूप देखने को मिला।