
मुंबई: गणेशोत्सव की तैयारियों के बीच गणेश प्रतिमाओं के सुरक्षित आगमन को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर है। प्रशासन ने गणेश मंडलों से मूर्ति आगमन के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
प्रशासन की ओर से कहा गया है कि गणेश प्रतिमा ले जाने के लिए इस्तेमाल होने वाले पाट, पहियों, लोहे के हिस्सों और उनसे होने वाले कंपन को लेकर मंडलों को जरूरी सावधानी बरतनी चाहिए। साथ ही सभी गणेश भक्तों और गणेश मंडलों से पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
वहीं, गणेश प्रतिमाओं के आगमन वाले मार्गों की खराब स्थिति को लेकर मुंबई महानगरपालिका को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन के मुताबिक, मुंबई की सड़कों की स्थिति को लेकर महानगरपालिका आयुक्त के साथ चर्चा की गई है।
संबंधित अधिकारियों को अगले 24 घंटे में जरूरी सड़क मरम्मत और सुधार कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि गणेश प्रतिमाओं के सुरक्षित आगमन में किसी तरह की परेशानी न हो।
गणेशोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन की ओर से तैयारियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।