
रीवा: ग्राम पंचायत अंतर्गत भोलगढ़ स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सरपंच लक्ष्मीकांत चतुर्वेदी के द्वारा किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, विद्यालय परिवार और सैकड़ों ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रकार के पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर भाजपा पिछड़ा मोर्चा रीवा जिला अध्यक्ष राजेश यादव, जनपद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि विजेंद्र द्विवेदी, भोलगढ़ सरपंच लक्ष्मीकांत चतुर्वेदी, समाजसेवी अनिल त्रिपाठी, पूर्व सरपंच यज्ञनारायण गौतम, वरिष्ठ समाजसेवी रामभुमन पांडे, राजेंद्र त्रिपाठी, विद्यालय की प्राचार्य मैडम अवस्थी सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा पिछड़ा मोर्चा जिला अध्यक्ष राजेश यादव ने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे ऑक्सीजन देने के साथ वातावरण को स्वच्छ रखने, तापमान नियंत्रित करने और वर्षा चक्र को संतुलित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
वहीं सरपंच लक्ष्मीकांत चतुर्वेदी ने कहा कि ग्राम पंचायत भोलगढ़ की ओर से पर्यावरण संरक्षण को लेकर लगातार सकारात्मक प्रयास किए जाएंगे। विद्यालय परिसर में लगाए गए पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी भी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि ये पौधे भविष्य में विद्यालय और गांव की सुंदरता के साथ पर्यावरण संरक्षण का मजबूत आधार बन सकें।
कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीणों और विद्यालय स्टाफ ने भी ‘एक व्यक्ति–एक पेड़’ का संकल्प लिया। साथ ही अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा करने का आह्वान किया गया।