Home देश15 महीने में पूरा हुआ बेलासिस फ्लाईओवर, तय समय से 4 महीने पहले तैयार, जल्द खुलेगा यातायात के लिए

15 महीने में पूरा हुआ बेलासिस फ्लाईओवर, तय समय से 4 महीने पहले तैयार, जल्द खुलेगा यातायात के लिए

by Real Khabren
0 comments
15 महीने में पूरा हुआ बेलासिस

मुंबई में बृहन्मुंबई महानगरपालिका ने एक और अहम बुनियादी ढांचा परियोजना को रिकॉर्ड समय में पूरा कर लिया है। ताड़देव- नागपाड़ा और मुंबई सेंट्रल स्टेशन को जोड़ने वाला बेलासिस फ्लाईओवर महज 15 महीने 6 दिन में बनकर तैयार हो गया है, जबकि टेंडर शर्तों के अनुसार अभी 4 महीने का अतिरिक्त समय बाकी था।

बेलासिस फ्लाईओवर का वर्क ऑर्डर सितंबर 2024 में जारी किया गया था और 1 अक्टूबर 2024 से निर्माण कार्य शुरू हुआ। रेलवे ट्रैक के ऊपर के कार्य रेलवे विभाग द्वारा, जबकि गर्डर ब्रेसिंग, डेक शीट, स्लैब कास्टिंग और दोनों ओर के अप्रोच रोड का काम बीएमसी के ब्रिज विभाग ने पूरा किया। ब्रिज विभाग, रेलवे, स्थानीय वार्ड कार्यालय और ट्रैफिक पुलिस के बेहतरीन तालमेल और योजनाबद्ध कार्यप्रणाली के चलते यह प्रोजेक्ट तय समय से पहले पूरा हो सका।

यह पुल ब्रिटिश कालीन करीब 130 साल पुराने बेलासिस पुल की जगह बनाया गया है, जिसे खतरनाक घोषित किए जाने के बाद ध्वस्त कर पुनर्निर्माण किया गया। कुल 333 मीटर लंबे इस फ्लाईओवर में पूर्व दिशा में 138.39 मीटर, पश्चिम दिशा में 157.39 मीटर और रेलवे सीमा में 36.90 मीटर का हिस्सा शामिल है। पुल की कैरिज-वे चौड़ाई 7 मीटर है और दोनों ओर पर्याप्त चौड़ाई के फुटपाथ भी बनाए गए हैं।

निर्माण के दौरान BEST बसों का स्थानांतरण, 13 बाधक निर्माणों को हटाकर प्रभावितों को वैकल्पिक आवास देना, हाउसिंग सोसाइटी की सीमा दीवार हटाना और हाईकोर्ट में चल रहे मामलों जैसी कई चुनौतियां सामने आईं। इसके बावजूद सूक्ष्म योजना और लगातार निगरानी के चलते मानसून के चार महीनों में भी काम बिना रुके जारी रहा।

दक्षिण मुंबई के जहांगीर बोमन बेहराम मार्ग पर स्थित यह फ्लाईओवर पूर्व–पश्चिम यातायात का अहम कड़ी है। इसके शुरू होने से मुंबई सेंट्रल, नागपाड़ा और ताड़देव इलाके में पिछले दो वर्षों से प्रभावित यातायात व्यवस्था बहाल होगी, वहीं ग्रांट रोड, पठ्ठे बापूराव मार्ग और महालक्ष्मी स्टेशन पुल पर लगने वाली ट्रैफिक जाम में भी बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

बीएमसी प्रशासन के अनुसार फ्लाईओवर के सभी फिनिशिंग कार्य 6 जनवरी 2026 को पूरे हो चुके हैं। लोड टेस्ट, स्ट्रक्चरल स्टेबिलिटी सर्टिफिकेट और सुरक्षा प्रमाणपत्र भी प्राप्त कर लिए गए हैं। रेलवे विभाग से एनओसी मिलने के बाद ट्रैफिक पुलिस के समन्वय से बेलासिस फ्लाईओवर को जल्द ही आम यातायात के लिए खोल दिया।

You may also like

Leave a Comment