
मुंबई: शिवसेना महाराष्ट्र राज्य प्रवक्ता अरुण सावंत ने महाराष्ट्र की जनता को सतर्क रहने की अपील करते हुए विपक्षी नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सावंत ने दावा किया कि महाराष्ट्र में “गैंग ऑफ 4” सक्रिय है, जिसका कथित उद्देश्य मुंबई और महाराष्ट्र को बदनाम करना है।
अरुण सावंत ने आरोप लगाया कि इस कथित “गैंग ऑफ 4” में राहुल गांधी, संजय राऊत, आदित्य ठाकरे और रोहित पवार शामिल हैं। उनके मुताबिक, 2029 में सत्ता में आने के उद्देश्य से महाराष्ट्र और मुंबई की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है।
‘खबरें फैलाकर भ्रम पैदा करने का आरोप’
सावंत ने आरोप लगाया कि इन नेताओं का कथित तौर पर एक ही एजेंडा है—खबरों के जरिए भ्रम फैलाना और महाराष्ट्र को बदनाम करना। उन्होंने कहा कि इस समूह के पास महाराष्ट्र के विकास को लेकर कोई सकारात्मक एजेंडा नहीं है।
महायुति में एकजुटता की अपील
अरुण सावंत ने महायुति के तीनों दलों से आपसी मतभेदों को किनारे रखकर एकजुट होकर काम करने की अपील की। उन्होंने 2047 तक के विकासात्मक लक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए सरकार के काम को आगे बढ़ाने की बात कही।
सावंत ने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से देवेंद्र फडणवीस और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व को मजबूत करने की अपील भी की। उन्होंने अपने बयान के अंत में “बस… अब लड़ना है” का संदेश दिया।