
महाराष्ट्र के नांदेड़ में “ऑपरेशन क्रैकडाउन” के तहत नांदेड़ ग्रामीण पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 43 लाख 48 हजार रुपये मूल्य के अवैध हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अविनाश कुमार के निर्देश पर अवैध कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी अभियान के तहत 6 मई 2026 की रात पुलिस इंस्पेक्टर ओमकांत चिंचोलकर अपनी टीम के साथ कॉम्बिंग ऑपरेशन कर रहे थे।
ऑपरेशन के दौरान रात करीब 11 बजकर 15 मिनट पर बलेरापुर इलाके में एक संदिग्ध युवक कमर में तलवार और खंजर लेकर घूमता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उसकी पहचान अभिजीत गिरीधर सातपुते, निवासी बलेरापुर के रूप में हुई।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने हथियार गुरु रामदास नगर इलाके से खरीदे थे। सूचना के आधार पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। हालांकि पुलिस को देखते ही एक व्यक्ति कमरे से निकलकर फरार हो गया।
इसके बाद पंचों की मौजूदगी में कमरे की तलाशी ली गई, जहां से तलवारें, खंजर, खंडे, गुप्तियां, चाकू और अन्य हथियारों सहित कुल 4 हजार 796 अवैध हथियार बरामद किए गए। जब्त हथियारों की कुल कीमत करीब 43 लाख 48 हजार रुपये बताई गई है।
जांच में सामने आया कि यह पूरा हथियारों का जखीरा जसवंत सिंह प्रकाश सिंह सुखमनी, निवासी अबचल नगर, नांदेड़ का है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय शस्त्र अधिनियम की धारा 4/25 और 7/25 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
फिलहाल फरार आरोपी की तलाश जारी है। वहीं इस बड़ी कार्रवाई पर पुलिस अधीक्षक अविनाश कुमार ने पूरी टीम की सराहना की है।