महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और एनसीपी नेता अजीत पवार के साथ बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। बारामती में लैंडिंग के दौरान उनका चार्टर विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक हादसा एयरस्ट्रिप पर उतरते समय हुआ, जब विमान संतुलन बिगड़ने के बाद रनवे से फिसलकर क्षतिग्रस्त हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के तुरंत बाद विमान से धुएं के घने गुब्बारे उठते दिखाई दिए और कुछ ही पलों में आग भी लग गई। मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों और स्थानीय प्रशासन ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और सभी घायलों को विमान से बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि विमान में अजीत पवार समेत चार से पांच लोग सवार थे। हादसे में अजीत पवार को गंभीर चोटें आई हैं, जिसके बाद उन्हें बारामती के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

डॉक्टरों की एक विशेष टीम उनके इलाज में जुटी हुई है और लगातार उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। अजीत पवार आज बारामती में कई राजनीतिक और सामाजिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेने वाले थे। बारामती उनका गृह क्षेत्र है और वह यहीं से विधायक भी हैं। इस हादसे की खबर फैलते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूत्रों के मुताबिक, घटना की जानकारी मिलते ही पवार परिवार के सदस्य और वरिष्ठ नेता बारामती के लिए रवाना हो गए हैं। सांसद सुप्रिया सुले भी तुरंत पुणे से बारामती के लिए निकल चुकी हैं, जबकि दिल्ली में मौजूद परिवार के अन्य सदस्य और पार्टी नेता भी विशेष व्यवस्था के तहत रवाना हो रहे हैं।

फिलहाल प्रशासन और नागरिक उड्डयन विभाग की टीम मौके पर मौजूद है। दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। तकनीकी खराबी, मौसम या पायलटिंग में चूक इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। राज्य सरकार की ओर से भी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और मुख्यमंत्री कार्यालय को पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट भेजी गई है। अस्पताल के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और समर्थकों की भीड़ को नियंत्रित किया जा रहा है। अजीत पवार की हालत को लेकर आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन का इंतजार किया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि जैसे ही उनकी सेहत को लेकर ठोस जानकारी मिलेगी, उसे सार्वजनिक किया जाएगा।