Home राज्यमहाराष्ट्रएकनाथ शिंदे के जन्मदिन पर महाराष्ट्र के प्रमुख मंदिरों में ‘लाडकी बहिनों’ की महाआरती, दीर्घायु और स्वास्थ्य की कामना

एकनाथ शिंदे के जन्मदिन पर महाराष्ट्र के प्रमुख मंदिरों में ‘लाडकी बहिनों’ की महाआरती, दीर्घायु और स्वास्थ्य की कामना

by Real Khabren
0 comments

मुंबई,:महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और शिवसेना के प्रमुख नेता एकनाथ शिंदे के जन्मदिन के अवसर पर राज्यभर के प्रमुख मंदिरों में ‘लाडकी बहिनों’ द्वारा सोमवार, 9 फरवरी 2026 को भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान बहनें उपमुख्यमंत्री शिंदे के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और जनकल्याण के कार्यों के निरंतर निर्विघ्न रूप से चलते रहने की प्रार्थना करेंगी।


9 फरवरी को उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे अपने 62वें वर्ष में प्रवेश कर रहे हैं। इस अवसर को खास बनाते हुए राज्य के विभिन्न धार्मिक स्थलों पर शाम 7 बजे महाआरती संपन्न होगी। यह जानकारी शिवसेना की उपनेत्री एवं प्रवक्ता शीतल म्हात्रे ने दी। उन्होंने बताया कि पंढरपुर श्री विठ्ठल मंदिर, देहू, आलंदी, तुलजापुर का तुलजा भवानी मंदिर, कोल्हापुर का अंबाबाई और ज्योतिबा मंदिर, शिरडी का साईं बाबा मंदिर, अक्कलकोट स्वामी समर्थ समाधि, जेजुरी, त्र्यंबकेश्वर, कालाराम मंदिर, शेगांव का गजानन महाराज मंदिर सहित राज्य के कई प्रमुख मंदिरों में यह महाआरती की जाएगी।

शीतल म्हात्रे ने कहा कि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे शब्दों के पक्के नेता हैं। ‘लाडकी बहिन योजना’ के माध्यम से उन्होंने महाराष्ट्र की करीब 2.5 करोड़ महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है। इस योजना से लाखों महिलाएं आत्मनिर्भर बनी हैं और सामाजिक-आर्थिक रूप से सशक्त हुई हैं।

उन्होंने आगे बताया कि उपमुख्यमंत्री शिंदे के स्वास्थ्य और दीर्घायु के लिए राज्यभर की ‘लाडकी बहिनें’ एकजुट होकर मंदिरों में प्रार्थना करेंगी। बीते विधानसभा चुनाव, नगर निकाय और अब नगर निगम चुनावों में भी ‘लाडकी बहिनों’ ने शिवसेना और महायुति गठबंधन को भरपूर समर्थन दिया है।
वहीं, हाल ही में महायुति गठबंधन से जुड़े एक वरिष्ठ नेता के निधन के कारण उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने इस वर्ष अपना जन्मदिन सादगी से मनाने और किसी भी प्रकार के उत्सव से दूर रहने का निर्णय लिया है।

You may also like

Leave a Comment