भिवंडी-निजामपुर महानगरपालिका के महापौर चुनाव में पार्टी व्हिप के खिलाफ बगावत करने वाले नगरसेवकों पर अब सख्त कार्रवाई की तैयारी है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने शुक्रवार को साफ शब्दों में कहा कि नारायण चौधरी और उनके साथ बगावत करने वाले सभी नगरसेवकों के खिलाफ अनुशासनात्मक कदम उठाए जाएंगे।
मुंबई स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित पत्रकार परिषद में बोलते हुए रविंद्र चव्हाण ने कहा कि महापौर पद के लिए भिवंडी की स्थानीय समिति ने बहुमत से नारायण चौधरी का नाम प्रस्तावित किया था और पार्टी की ओर से उन्हें नामांकन भरने के निर्देश भी दिए गए थे।
हालांकि, स्थानीय स्तर पर मतभेद और संभावित विवादों को देखते हुए प्रदेश नेतृत्व ने व्यापक चर्चा के बाद स्नेहा पाटील को पार्टी का अधिकृत उम्मीदवार घोषित करने का फैसला किया। चव्हाण ने बताया कि नारायण चौधरी और कोणार्क विकास आघाड़ी के विलास पाटील के बीच स्थानीय स्तर पर चल रहे मतभेदों को ध्यान में रखते हुए पार्टी हित में उम्मीदवार बदलने का निर्णय लिया गया।

प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी कहा कि नाराज नेताओं को मनाने के लिए आखिरी समय तक प्रयास किए गए, लेकिन दुर्भाग्यवश वे सफल नहीं हो सके। इसके बाद पार्टी व्हिप के खिलाफ जाकर बगावत करने वालों पर कार्रवाई करना आवश्यक हो गया है।
रविंद्र चव्हाण ने स्पष्ट किया कि पार्टी अनुशासन सर्वोपरि है और जो भी नेता या नगरसेवक पार्टी के निर्देशों की अवहेलना करेगा, उसके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
भिवंडी की सियासत में इस बयान के बाद हलचल तेज हो गई है और अब सबकी नजर भाजपा की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।