भारतीय महिला टीम ने एक बार फिर एशिया में अपनी ताकत का लोहा मनवाते हुए वुमेंस एशिया कप राइजिंग स्टार 2025 का खिताब जीत लिया है। बैंकॉक के टेर्डथाई क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए फाइनल मुकाबले में इंडिया ए ने बांग्लादेश ए को 46 रनों से करारी शिकस्त दी।
फाइनल में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 135 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज वृंदा दिनेश और नंदिनी कश्यप ने टीम को सधी हुई शुरुआत दी, लेकिन मध्यक्रम लगातार अंतराल पर विकेट गंवाता रहा। इस दबाव के बीच तेजल हसबनीस ने शानदार अर्धशतक जड़ते हुए 34 गेंदों पर 51 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। कप्तान राधा यादव ने भी 30 गेंदों पर 36 रन की अहम पारी खेलकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

136 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी। महज 12 रन पर पहला विकेट गिरने के बाद उनकी पारी संभल नहीं सकी। पूरी टीम 19.1 ओवर में सिर्फ 88 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। बांग्लादेश की ओर से शमीमा सुल्ताना ने सबसे ज्यादा 20 रन बनाए, जबकि सरमिन सुल्ताना ने 18 रन का योगदान दिया, लेकिन कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका।
भारतीय गेंदबाजों ने सटीक लाइन-लेंथ से विपक्षी टीम को पूरी तरह बांधकर रखा। प्रेरणा रावत ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 12 रन देकर 3 विकेट झटके और जीत की नींव मजबूत की।
इस जीत के साथ इंडिया ए ने दूसरी बार एशिया कप राइजिंग स्टार का खिताब अपने नाम किया और एक बार फिर साबित कर दिया कि भारतीय शेरनियां बड़े मुकाबलों में कैसे दहाड़ती हैं।