Home राज्यदिल्ली NCRदेश में राज्यपालों का बड़ा फेरबदल: दिल्ली को नया एलजी, कई राज्यों में नई नियुक्तियां

देश में राज्यपालों का बड़ा फेरबदल: दिल्ली को नया एलजी, कई राज्यों में नई नियुक्तियां

by Suhani Sharma
0 comments

देश में राज्यपालों और उपराज्यपालों के पदों पर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। केंद्र सरकार ने एक साथ कई राज्यों में नई नियुक्तियों का ऐलान किया है, जिसके तहत दिल्ली, बिहार, महाराष्ट्र, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश और नागालैंड समेत कई राज्यों में नए राज्यपाल बनाए गए हैं।
नई नियुक्तियों के अनुसार तरनजीत सिंह संधू को दिल्ली का नया उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है। वहीं मौजूदा एलजी विनय कुमार सक्सेना को केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख का उपराज्यपाल बनाया गया है। बिहार में लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) सैयद अता हसनैन को राज्यपाल की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि बिहार बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री नंद किशोर यादव को नागालैंड का गवर्नर नियुक्त किया गया है।


इसके अलावा तेलंगाना के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा को महाराष्ट्र का नया राज्यपाल बनाया गया है। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला को तेलंगाना का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वहीं लद्दाख के उपराज्यपाल कविंदर गुप्ता को हिमाचल प्रदेश का नया राज्यपाल बनाया गया है।
पश्चिम बंगाल में भी बड़ा बदलाव हुआ है। तमिलनाडु के राज्यपाल आर.एन. रवि को पश्चिम बंगाल का नया गवर्नर नियुक्त किया गया है। इससे पहले पश्चिम बंगाल के राज्यपाल डॉ. सी.वी. आनंद बोस ने अचानक अपने पद से इस्तीफा दे दिया, जिसे राष्ट्रपति ने स्वीकार कर लिया है।


इस पूरे घटनाक्रम पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह इस अचानक हुए इस्तीफे से स्तब्ध और चिंतित हैं। वहीं बीजेपी की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने ममता बनर्जी की टिप्पणी को बेबुनियाद बताया और कहा कि राजभवन में बदलाव होना सामान्य प्रक्रिया है।
राजनीतिक हलकों में इस बड़े फेरबदल को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं और इसे आने वाले समय की राजनीतिक रणनीति से जोड़कर भी देखा जा रहा है।

You may also like

Leave a Comment