Home स्पोर्ट्सक्रिकेटभारत बनाम न्यूजीलैंड.. T20 वर्ल्ड कप फाइनल में आज बन सकता है नया इतिहास

भारत बनाम न्यूजीलैंड.. T20 वर्ल्ड कप फाइनल में आज बन सकता है नया इतिहास

by Suhani Sharma
0 comments

ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 का चैंपियन आज तय हो जाएगा। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में फाइनल मुकाबले में भारत और न्यूजीलैंड आमने-सामने होंगी। इस खिताबी मुकाबले में जो भी टीम जीतेगी, वह इतिहास रचेगी।
अगर भारतीय टीम इस फाइनल में न्यूजीलैंड को हरा देती है, तो वह अपने ही घर में T20 वर्ल्ड कप जीतने वाली दुनिया की पहली टीम बन जाएगी। इसके साथ ही टीम इंडिया के पास लगातार दो T20 वर्ल्ड कप जीतने का भी सुनहरा मौका है। अभी तक किसी भी टीम ने इस टूर्नामेंट का खिताब लगातार दो बार नहीं जीता है। इतना ही नहीं, अगर भारत यह मैच जीतता है तो वह तीन बार T20 वर्ल्ड कप जीतने वाली दुनिया की पहली टीम भी बन सकती है।


वहीं न्यूजीलैंड के लिए भी यह मुकाबला बेहद खास है। अगर कीवी टीम आज जीत हासिल करती है, तो वह पहली बार T20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी अपने नाम करेगी। अब तक T20 वर्ल्ड कप सिर्फ छह देशों ने ही जीता है और न्यूजीलैंड के पास सातवां देश बनने का मौका होगा।
पिछले कुछ सालों में भारतीय टीम का प्रदर्शन ICC टूर्नामेंट में काफी मजबूत रहा है। साल 2023 के बाद से भारत चार बड़े ICC टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंच चुका है। इनमें से दो में टीम इंडिया ने जीत हासिल की, जबकि दो बार उसे हार का सामना करना पड़ा। भारत ने 2024 के T20 वर्ल्ड कप के फाइनल में साउथ अफ्रीका को हराकर खिताब जीता था, जबकि 2025 की चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर एक और ICC ट्रॉफी अपने नाम की थी।


हालांकि, इससे पहले 2023 के ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल और ODI वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल में भारत को ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच ICC फाइनल का इतिहास भी काफी दिलचस्प रहा है। साल 2000 की ICC चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में न्यूजीलैंड ने भारत को हराकर खिताब जीता था। इसके बाद 2021 में ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में भी न्यूजीलैंड ने भारत को मात दी थी।
हालांकि, हाल के वर्षों में भारत ने भी न्यूजीलैंड से हिसाब बराबर किया है। 2025 की चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर पिछली हार का बदला लिया था। अब 2026 के T20 वर्ल्ड कप फाइनल में दोनों टीमों के बीच एक बार फिर खिताबी जंग होने जा रही है, जहां जीतने वाली टीम सिर्फ ट्रॉफी ही नहीं, बल्कि इतिहास भी अपने नाम करेगी।

You may also like

Leave a Comment