मुंबई के बोरीवली में उच्च शिक्षा से जुड़े UGC के ‘इक्विटी रेगुलेशन 2026’ के विरोध में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा ने जोरदार प्रदर्शन किया। रविवार को नेशनल डेयरी के बाहर संगठन के उपाध्यक्ष नागेश समरबहादुर सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने हाथों में पोस्टर और बैनर लेकर यूजीसी बिल के खिलाफ नारेबाजी की और इसे तत्काल वापस लेने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने “UGC रोल बैक” और “काला कानून वापस लो” जैसे नारे लगाए। प्रदर्शन में शामिल लोगों का कहना था कि यह नियम उच्च शिक्षा के क्षेत्र में छात्रों और समाज के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है और इससे शिक्षा व्यवस्था पर नकारात्मक असर पड़ने की आशंका है।

मीडिया से बातचीत में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के उपाध्यक्ष नागेश समरबहादुर सिंह ने यूजीसी के इस नए नियम को “काला कानून” करार देते हुए कहा कि इसका दुरुपयोग कर लोगों को फंसाया जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह के नियम उच्च शिक्षा के माहौल को भी प्रभावित कर सकते हैं।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने इस बिल को वापस नहीं लिया तो संगठन आने वाले समय में और बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगा। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि शिक्षा के क्षेत्र में ऐसा कोई भी कानून लागू नहीं होना चाहिए, जिससे छात्रों और समाज में असंतोष पैदा हो।
प्रदर्शन के दौरान संगठन के बड़ी संख्या में पदाधिकारी और समर्थक मौजूद रहे। पुलिस और स्थानीय प्रशासन की मौजूदगी में यह प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।