मुंबई में जनगणना 2027 को लेकर तैयारियां अब तेज हो गई हैं। बृहन्मुंबई महानगरपालिका के अतिरिक्त आयुक्त एवं अतिरिक्त प्रधान जनगणना अधिकारी डॉ. विपिन शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जनगणना को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाए।

डॉ. शर्मा ने कहा कि इस बार जनगणना अत्याधुनिक तकनीक के आधार पर की जाएगी, इसलिए ज्यादा से ज्यादा नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। इसके लिए प्रभावशाली व्यक्तियों, बॉलीवुड सेलिब्रिटी और खेल जगत के खिलाड़ियों की मदद लेने पर विशेष जोर दिया गया है, ताकि लोगों में जागरूकता बढ़ाई जा सके।
यह निर्देश वीरमाता जिजाबाई भोसले उद्यान और प्राणिसंग्रहालय में आयोजित एक कार्यशाला के दौरान दिए गए। बैठक में नगर निगम के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

जनगणना प्रक्रिया के तहत मुंबई में पहला चरण 1 मई से 15 मई 2026 तक ‘स्व-गणना’ का होगा, जबकि 16 मई से 14 जून 2026 तक घर-घर जाकर हाउस लिस्टिंग और जनगणना का कार्य किया जाएगा।
अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के प्रमुख और प्रभावशाली लोगों से पहले ही संपर्क करें और 1 मई से अभियान की शुरुआत में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करें। साथ ही सोशल मीडिया और वीडियो मैसेज के जरिए आम नागरिकों से जनगणना में शामिल होने की अपील भी की जाएगी।
बीएमसी का लक्ष्य है कि जनगणना 2027 में अधिकतम नागरिक भागीदारी सुनिश्चित हो और डेटा संग्रहण पूरी तरह सटीक और व्यापक हो सके।