Home स्पोर्ट्सक्रिकेटभारत बना लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड चैंपियन, फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर रचा इतिहास

भारत बना लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड चैंपियन, फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर रचा इतिहास

0 comments

भारतीय क्रिकेट टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर इतिहास रच दिया। इस जीत के साथ ही भारत लगातार दो टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम बन गया है। साथ ही भारत ने तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी अपने नाम कर ली। खास बात यह भी रही कि भारत बतौर मेजबान टीम टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाला पहला देश बन गया है।

फाइनल मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 255 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से संजू सैमसन ने 46 गेंदों में 89 रनों की शानदार पारी खेली। इसके अलावा अभिषेक ने 21 गेंदों में 52 रन, ईशान किशन ने 25 गेंदों में 54 रन बनाए। वहीं अंत के ओवरों में शिवम दुबे ने महज 8 गेंदों में नाबाद 26 रन बनाकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

न्यूजीलैंड की ओर से जेमी निशम सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 4 ओवर में 46 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि कप्तान मिचेल सेंटनर ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 33 रन खर्च किए।

256 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 159 रनों पर ऑलआउट हो गई। न्यूजीलैंड की ओर से टिम सिफर्ट ने 26 गेंदों में 52 रन बनाए, जबकि मिचेल सेंटनर ने 35 गेंदों में 43 रनों की पारी खेली, लेकिन टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके।

भारतीय गेंदबाजी की बात करें तो जसप्रीत बुमराह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 15 रन देकर 4 विकेट झटके। वहीं अक्षर पटेल ने 3 ओवर में 27 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए और न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।

पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए संजू सैमसन को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का अवॉर्ड दिया गया। उन्होंने पांच मैचों में 321 रन बनाए, जिसमें तीन अर्धशतक शामिल रहे। वहीं फाइनल मुकाबले में शानदार गेंदबाजी के लिए जसप्रीत बुमराह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

इस ऐतिहासिक जीत के साथ भारतीय टीम ने एक बार फिर दुनिया में अपनी क्रिकेट ताकत का लोहा मनवा दिया और देशभर में जश्न का माहौल बन गया।

You may also like

Leave a Comment