महाकुंभ 2025 से वायरल हुई मोनालिसा ने अपने परिवार के विरोध के बावजूद शादी कर ली है। खबरों के मुताबिक मोनालिसा काफी समय से फरमान खान को डेट कर रही थीं और अब दोनों ने केरल में जाकर पहले सिविल मैरिज की। इसके बाद तिरुवनंतपुरम के अरुमनूर नैनार मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से सात फेरे लेकर शादी को धार्मिक रूप भी दिया। शादी के बाद मोनालिसा की सिंदूर लगाए तस्वीरें सामने आई हैं, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।

दिलचस्प बात यह है कि कुछ समय पहले तक मोनालिसा शादी के खिलाफ बयान देती रही थीं। उन्होंने कहा था कि वह अपने मां-बाप को छोड़कर कभी शादी नहीं करेंगी। उस वक्त उन्होंने साफ कहा था कि उनके माता-पिता जब कहेंगे तभी शादी होगी और वह खुद कभी इसके लिए हां नहीं कहेंगी। लेकिन अब परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर उन्होंने फरमान खान से शादी कर ली है।
मोनालिसा की इस शादी को लेकर नया विवाद भी खड़ा हो गया है। उनकी फिल्म द मणिपुर डायरी के निर्देशक सनोज मिश्रा ने इस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि मोनालिसा को बहकाया गया है और वह लव जिहाद का शिकार हो सकती हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मोनालिसा के मैनेजर ने इस मामले में गलत भूमिका निभाई है।

बताया जाता है कि मोनालिसा पहले महाकुंभ में रुद्राक्ष की माला बेचती थीं। वहीं से उनकी वीडियो वायरल हुई और धीरे-धीरे वह सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गईं। इसके बाद उन्हें फिल्म और म्यूजिक इंडस्ट्री में काम मिलने लगा। वह हाल ही में सिंगर उत्कर्ष सिंह के साथ एक वीडियो में नजर आई थीं।
मोनालिसा की फिल्म द मणिपुर डायरी भी बनकर तैयार है, जो अप्रैल 2026 में रिलीज होने वाली है। हालांकि शादी के बाद अब उनकी निजी जिंदगी को लेकर विवाद और चर्चाएं तेज हो गई हैं। सोशल मीडिया पर इस शादी को लेकर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।