Home क्राइमपिंपरी-चिंचवड़ में दिनदहाड़े व्यापारी का अपहरण, 50 लाख की फिरौती की साजिश नाकाम; 50 KM पीछा कर पुलिस ने छुड़ाया

पिंपरी-चिंचवड़ में दिनदहाड़े व्यापारी का अपहरण, 50 लाख की फिरौती की साजिश नाकाम; 50 KM पीछा कर पुलिस ने छुड़ाया

by Suhani Sharma
0 comments

महाराष्ट्र के पिंपरी-चिंचवड़ में दिनदहाड़े एक व्यापारी के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बदमाशों ने 50 लाख रुपये की फिरौती वसूलने की साजिश के तहत व्यापारी का जबरन अपहरण कर लिया था। हालांकि पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस की एंटी-एक्सटॉर्शन टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए करीब 50 किलोमीटर तक पीछा कर अपहृत व्यापारी को सुरक्षित छुड़ा लिया और इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पूरी वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हो गई है।
पुलिस के अनुसार यह घटना कालेवाड़ी पुलिस स्टेशन क्षेत्र की है। शाम करीब 5 बजकर 30 मिनट के आसपास एक चार पहिया वाहन में सवार पांच लोगों ने एक व्यापारी को जबरन गाड़ी में बैठाकर उसका अपहरण कर लिया। आरोपियों की योजना व्यापारी से 50 लाख रुपये की फिरौती मांगने की थी।


अपहरण के बाद आरोपी व्यापारी को लेकर नाशिक फाटा के रास्ते नाशिक की ओर भागने लगे। घटना की सूचना मिलते ही पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस की एंटी-एक्सटॉर्शन टीम तुरंत सक्रिय हो गई और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस ने करीब 50 किलोमीटर तक आरोपियों का पीछा किया और आखिरकार अहिल्यानगर पुलिस की मदद से संगमनेर टोल नाका पर उन्हें घेरकर पकड़ लिया। इस कार्रवाई के दौरान अपहृत व्यापारी को सुरक्षित छुड़ा लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो देशी कट्टे, छह जिंदा कारतूस और एक चार पहिया वाहन बरामद किया है। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत करीब 18 लाख 28 हजार रुपये बताई जा रही है।

फिलहाल पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों का इस तरह के अपराधों में पहले से कोई आपराधिक रिकॉर्ड है या नहीं।
दिनदहाड़े हुए इस अपहरण की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया, हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से व्यापारी को सुरक्षित बचा लिया गया।

You may also like

Leave a Comment