नई दिल्ली में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से महत्वपूर्ण मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच महाराष्ट्र के विकास और केंद्र-राज्य समन्वय से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। शिंदे ने इसे शिष्टाचार भेंट बताया, लेकिन साथ ही स्पष्ट किया कि शिवसेना, एनडीए का एक मजबूत घटक है और केंद्र सरकार के हर फैसले के साथ मजबूती से खड़ी है।
दिल्ली दौरे के दौरान शिंदे ने अपने सांसदों के साथ बैठक की और संसद सत्र के बीच राजनीतिक रणनीति पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी लगातार महाराष्ट्र के विकास के लिए केंद्र के साथ मिलकर काम कर रही है और आगे भी यह सहयोग जारी रहेगा।

इस बीच शिंदे ने कांग्रेस नेता Rahul Gandhi पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर राजनीति करना ठीक नहीं है और ऐसे संवेदनशील समय में देश को एकजुट रहने की जरूरत है। शिंदे ने आरोप लगाया कि विपक्ष देशहित से ऊपर राजनीति को रख रहा है और कुछ नेता पाकिस्तान में सुर्खियां बटोरने के लिए बयानबाजी कर रहे हैं।
गैस सिलेंडर की किल्लत के मुद्दे पर भी शिंदे ने सफाई दी। उन्होंने कहा कि राज्य में कहीं भी गैस की कमी नहीं है और कालाबाजारी रोकने के लिए सरकार पूरी तरह सतर्क है।
इसके अलावा, शिंदे ने राज्यसभा के लिए डॉ. ज्योति वाघमारे के निर्विरोध चुनाव को लेकर खुशी जताई और कहा कि वे महाराष्ट्र की आवाज को प्रभावी ढंग से उठाएंगी।
दिल्ली में शिंदे ने लोकसभा अध्यक्ष Om Birla से भी मुलाकात की, जहां केंद्रीय मंत्री Kiren Rijiju और Piyush Goyal भी मौजूद रहे। इस दौरान किरेन रिजिजू ने सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे के काम की सराहना करते हुए उन्हें एक सक्रिय और प्रभावी जनप्रतिनिधि बताया।