बीजेपी सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा जुबानी हमला बोला है। कंगना रनौत ने राहुल गांधी के व्यवहार पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनका आचरण संसद के अनुरूप नहीं है।
कंगना ने दावा किया कि राहुल गांधी के व्यवहार से महिला सांसद असहज महसूस करती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी बातचीत के दौरान ‘तू-तड़ाक’ की भाषा का इस्तेमाल करते हैं और कई बार इंटरव्यू के दौरान हूटिंग भी करते हैं, जो सार्वजनिक जीवन में एक जिम्मेदार नेता के लिए उचित नहीं है।

हालांकि, कंगना रनौत ने प्रियंका गांधी की तारीफ करते हुए कहा कि उनका व्यवहार बेहद संतुलित और शालीन है। कंगना ने राहुल गांधी को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें अपनी बहन प्रियंका गांधी से सीखना चाहिए।
इसके अलावा, सनातन धर्म पर अपनी राय रखते हुए कंगना ने कहा कि भारत में सभी लोग किसी न किसी रूप में सनातनी हैं। उन्होंने कहा कि सनातन का अर्थ है जिसका न आदि है न अंत, और यही इसकी सबसे बड़ी विशेषता है।
कंगना रनौत का यह बयान ऐसे समय में आया है जब राजनीतिक माहौल पहले से ही गरमाया हुआ है और नेताओं के बीच जुबानी हमले लगातार तेज हो रहे हैं।