Home राज्यमहाराष्ट्रभोंदू बाबा प्रकरण पर सियासत तेज, दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी भाजपा प्रवक्ता नवनाथ बन का राऊत पर निशाना

भोंदू बाबा प्रकरण पर सियासत तेज, दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी भाजपा प्रवक्ता नवनाथ बन का राऊत पर निशाना

0 comments

भोंदू बाबा प्रकरण को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता नवनाथ बन ने शिवसेना नेता संजय राऊत पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि इस मामले में सभी दोषियों पर कड़ी कार्रवाई तय है और राऊत को इस पर भरोसा रखना चाहिए।


मुंबई में भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में नवनाथ बन ने कहा कि राऊत को यह नहीं भूलना चाहिए कि ‘वाझे’ प्रकरण में किसने किसका साथ दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि उद्धव ठाकरे के मुख्यमंत्री रहते हुए महाराष्ट्र की छवि को नुकसान पहुंचाने वाली घटनाएं हुईं, यहां तक कि एक बड़े उद्योगपति के घर के बाहर विस्फोटक रखने जैसी गंभीर घटना भी सामने आई थी।


भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि मौजूदा सरकार अपराधियों को संरक्षण देने वाली नहीं है, इसलिए खरात बाबा प्रकरण में निष्पक्ष जांच होगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी मंत्री की किसी व्यक्ति के साथ तस्वीर होने मात्र से उसे दोषी नहीं ठहराया जा सकता, जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।


इसके साथ ही नवनाथ बन ने राज ठाकरे की आलोचना पर भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि अधूरी जानकारी के आधार पर राज्य की अर्थव्यवस्था पर सवाल उठाना उचित नहीं है। बन के मुताबिक, पिछले दस वर्षों में देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में महाराष्ट्र की अर्थव्यवस्था में तीन गुना वृद्धि हुई है और सरकार 2029 तक ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि मेट्रो और कोस्टल रोड जैसी परियोजनाएं सभी नागरिकों के लिए हैं, इन्हें भाषाई विवाद में घसीटना गलत है। साथ ही उन्होंने राज ठाकरे से अपील की कि वे खुद मेट्रो में सफर कर जनता का अनुभव समझें।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बन ने यह भी कहा कि राऊत ने हाल ही में मुख्यमंत्री फडणवीस की कार्रवाई की सराहना की, जिसे उन्होंने ‘देर से आया हुआ ज्ञान’ बताया। उन्होंने दोहराया कि चाहे कोई भी राजनीतिक संबंध क्यों न हो, दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और कानून अपना काम करेगा।

You may also like

Leave a Comment