महाराष्ट्र की राजनीति में एक कथित वायरल वीडियो ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। राज्य के खाद्य एवं औषधि प्रशासन मंत्री नरहरि झिरवल का एक आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लेकर राजनीतिक हलकों में हड़कंप मच गया है। हालांकि, इस वीडियो की आधिकारिक तौर पर अभी तक पुष्टि नहीं हो पाई है।
मीडिया रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया पर चल रहे दावों के मुताबिक, इस वीडियो में मंत्री झिरवल एक ट्रांसवूमन के साथ नजर आ रहे हैं। इस मामले में पवन यादव का नाम सामने आ रहा है। यह भी दावा किया जा रहा है कि वीडियो को पवन यादव के भाई द्वारा सार्वजनिक किया गया, लेकिन इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

बताया जा रहा है कि यह कथित वीडियो मुंबई स्थित मंत्री के सरकारी आवास से जुड़ा हो सकता है, हालांकि इस संबंध में भी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। इस पूरे घटनाक्रम ने राज्य की राजनीति में नया सियासी बवाल खड़ा कर दिया है।
विपक्ष ने इस मुद्दे को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस ने मंत्री नरहरि झिरवल से तत्काल इस्तीफे की मांग की है। विपक्ष का कहना है कि जब तक मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हो जाती, तब तक मंत्री का पद पर बने रहना नैतिक रूप से उचित नहीं है।
यह विवाद ऐसे समय में सामने आया है जब हाल ही में झिरवल के विभाग से जुड़े एक कर्मचारी को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया था। उस मामले में भी विपक्ष ने मंत्री की भूमिका पर सवाल उठाए थे। ऐसे में यह नया विवाद सरकार और विशेष रूप से राकां (अजीत पवार गुट) के लिए मुश्किलें बढ़ाता नजर आ रहा है।
दूसरी ओर, इस मामले में सामने आई पवन यादव को लेकर भी विवाद जुड़ा हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार, उनके खिलाफ पहले से ही जबरन वसूली और धमकी के आरोप दर्ज हैं। मुंबई के कुरार पुलिस थाने में इस संबंध में मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
फिलहाल, इस पूरे मामले में कई सवाल अनुत्तरित हैं क्या वायरल वीडियो असली है या छेड़छाड़ किया गया है? क्या इसके पीछे कोई साजिश है? और सबसे बड़ा सवाल क्या इस विवाद के बाद मंत्री नरहरि झिरवल पर कोई कार्रवाई होगी? इन सभी सवालों के जवाब अब जांच और आधिकारिक पुष्टि के बाद ही सामने आ पाएंगे।
