मुंबई: महाराष्ट्र की राजनीति में कानून-व्यवस्था और ड्रग्स के मुद्दे पर घमासान तेज हो गया है। महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने भाजपा-नेतृत्व वाली महायुति सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि राज्य को “डुबता महाराष्ट्र” बनाने का पाप किया जा रहा है।
मुंबई में मीडिया से बातचीत के दौरान सपकाळ ने दावा किया कि राज्य में ड्रग्स का जाल तेजी से फैल रहा है और यह केवल मुंबई-पुणे जैसे बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि अब छोटे शहरों और तालुकों तक पहुंच चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि गुजरात के कांडला पोर्ट से महाराष्ट्र तक ड्रग्स कॉरिडोर सक्रिय है और इसे राजनीतिक संरक्षण मिल रहा है।

कांग्रेस नेता ने तुळजापुर से जुड़े कथित ड्रग्स रैकेट का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसे मामलों में सत्ताधारी दल द्वारा आरोपियों को टिकट देना गंभीर सवाल खड़े करता है। वहीं, उन्होंने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उनके परिजनों से जुड़े कथित मामले का हवाला देते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
सपकाळ ने यह भी कहा कि मुंबई के नेस्को परिसर में पुलिस स्टेशन के सामने ड्रग्स और शराब पार्टी होना कानून-व्यवस्था की विफलता को दर्शाता है। उन्होंने राज्य के गृहमंत्री और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में कानून-व्यवस्था “रसातल” में पहुंच गई है।
इसके अलावा, उन्होंने नाशिक और अमरावती में महिलाओं के साथ हुए कथित शोषण के मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि ये घटनाएं गृह विभाग की विफलता को उजागर करती हैं। सपकाळ ने मांग की कि सभी मामलों में पारदर्शी जांच हो और एफआईआर सार्वजनिक की जाए।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने अंत में कहा कि महाराष्ट्र को पूर्णकालिक गृहमंत्री की जरूरत है और देवेंद्र फडणवीस को इस पद से इस्तीफा देकर राज्य को सक्षम नेतृत्व देना चाहिए।