पश्चिम बंगाल के आसनसोल स्थित बाराबानी में आयोजित चुनावी सभा में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तृणमूल कांग्रेस सरकार पर जोरदार हमला बोला। अपने संबोधन में योगी ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में आज बालू और कोयला माफियाओं का बोलबाला है और आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लगभग नौ साल पहले उत्तर प्रदेश की स्थिति भी कुछ ऐसी ही थी, लेकिन आज यूपी में कानून व्यवस्था पूरी तरह से नियंत्रण में है। उन्होंने दावा किया कि अब उत्तर प्रदेश में न कर्फ्यू लगता है और न ही दंगे होते हैं, बल्कि विकास और सुशासन की नई मिसाल कायम हुई है।
मुख्यमंत्री ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उन्हें ‘राम’ के नाम और दुर्गा पूजा जैसे धार्मिक आयोजनों से आपत्ति है। योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं को पूरे सम्मान के साथ मनाया जाता है।
अपने भाषण में योगी आदित्यनाथ ने यह भी कहा कि जो पश्चिम बंगाल कभी देश को दिशा देने वाला राज्य माना जाता था, आज वही अपनी पहचान के संकट से जूझ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी सरकार ने बंगाल को ‘कल्चरल कैपिटल’ से ‘क्राइम कैपिटल’ बना दिया है।
फिलहाल, इस बयान के बाद राज्य की सियासत और गर्माने के आसार हैं।