महाराष्ट्र के ठाणे रेलवे स्टेशन के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब सेटीस ब्रिज पर खड़ी एक ‘शिवशाही’ बस में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के मुताबिक, यह बस ठाणे से पालघर होते हुए बोईसर के लिए रवाना होने वाली थी। स्टेशन के पास पहुंचते ही बस अचानक बंद पड़ गई। इसके कुछ ही क्षण बाद बस के निचले हिस्से, खासकर इंजन और डीज़ल टैंक के पास से धुआं उठने लगा और फिर आग की लपटें तेजी से फैल गईं।
बस में उस वक्त कुल 15 यात्री सवार थे। आग लगने का अंदेशा होते ही यात्रियों ने तुरंत बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। उनकी सतर्कता और त्वरित प्रतिक्रिया के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, तब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी और सिर्फ उसका ढांचा ही बचा रह गया।
स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने में फायर ब्रिगेड की मदद की। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, लेकिन वास्तविक कारणों की जांच जारी है।
इस घटना के चलते कुछ समय के लिए इलाके में यातायात प्रभावित रहा और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए जरूरी कदम उठाने की बात कही है।