आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस के लिए डेब्यू करने वाले स्पिनर रघु शर्मा रातों-रात चर्चा में आ गए हैं। IPL 2026 के मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ अपना पहला विकेट लेने के बाद उन्होंने ऐसा जश्न मनाया, जिसने सभी का ध्यान खींच लिया।

दरअसल, रघु शर्मा ने लखनऊ की पारी के 13वें ओवर में बल्लेबाज़ अक्षत रघुवंशी को आउट किया। अपनी ही गेंद पर आसान कैच पकड़ते ही रघु ने जेब से एक पर्ची निकाली और स्टैंड की ओर दिखाते हुए जश्न मनाया। इस पर्ची पर लिखा था
“राधे राधे… गुरुदेव की कृपा से 15 साल का दर्दनाक इंतज़ार खत्म हुआ… मुंबई इंडियंस का शुक्रिया… जय श्री राम।”
यह पल सिर्फ एक विकेट का नहीं, बल्कि संघर्ष की लंबी कहानी का अंत था।
रघु शर्मा की कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है। पंजाब के जालंधर से आने वाले रघु ने 18 साल की उम्र में क्रिकेट को गंभीरता से लेना शुरू किया। एक समय उनका वजन 102 किलो था, जिसे उन्होंने कड़ी मेहनत से करीब 35 किलो कम किया। खास बात यह है कि उन्होंने लेग स्पिन की बारीकियां किसी कोच से नहीं, बल्कि ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज शेन वॉर्न के यूट्यूब वीडियो देखकर सीखी।
साल 2017 में उन्होंने पंजाब के लिए फर्स्ट क्लास क्रिकेट में डेब्यू किया, लेकिन 25 साल की उम्र में ‘उम्र ज्यादा’ कहकर टीम से बाहर कर दिए गए। इसके बाद उन्होंने हार नहीं मानी और पुडुचेरी व उत्तराखंड की टीमों से खेलते हुए खुद को साबित किया।
15 साल के लंबे इंतजार, संघर्ष और आत्मविश्वास के बाद अब रघु शर्मा ने आईपीएल के मंच पर अपनी पहचान बना ली है। उनका यह इमोशनल जश्न न सिर्फ क्रिकेट प्रेमियों के दिल को छू गया, बल्कि यह भी दिखा गया कि मेहनत और धैर्य का फल जरूर मिलता है।