
आजमगढ़ जिले के महाराजगंज थाना क्षेत्र के सरदार बाजार में मवेशियों के साथ कथित क्रूरता का मामला सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। यहां एक पिकअप वाहन में क्षमता से कई गुना अधिक मवेशियों को ठूंस-ठूंसकर ले जाया जा रहा था। ग्रामीणों ने जब वाहन को रोका तो अंदर का नजारा बेहद दर्दनाक था। बताया जा रहा है कि पिकअप में करीब 17 मवेशियों को बेरहमी से भरा गया था, जबकि इस तरह के वाहन में सामान्य तौर पर केवल तीन से चार पशुओं को सुरक्षित तरीके से ले जाया जा सकता है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एक बछड़ा वाहन के पिछले हिस्से से लटका हुआ था और कई मवेशी अधमरी हालत में पड़े मिले। कुछ पशु सांस लेने के लिए तड़प रहे थे। यह दृश्य देखकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों का आरोप है कि सैदपुर गांव से तेरही गौशाला ले जाए जा रहे मवेशियों के साथ अमानवीय व्यवहार किया गया और यह सब गौशाला से जुड़े जिम्मेदार लोगों के निर्देश पर हो रहा था।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि पुलिस ने गो तस्करी की बात से इंकार किया है। एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि यह एनिमल कैचर की गाड़ी थी, जिसे छोटे पशुओं को पकड़ने के लिए लगाया गया था और गो तस्करी जैसी कोई बात सामने नहीं आई है।
फिलहाल इस घटना के बाद पशुओं के साथ हो रहे व्यवहार को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।