
पश्चिम बंगाल की राजनीति में चुनावी नतीजों के बाद सियासी घमासान तेज हो गया है। केंद्रीय सामाजिक न्याय राज्यमंत्री और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष Ramdas Athawale ने ममता बनर्जी पर बड़ा हमला बोला है।
रामदास आठवले ने कहा कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में जनता ने ममता बनर्जी और उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस को पूरी तरह नकार दिया है और भाजपा को स्पष्ट बहुमत दिया है। ऐसे में ममता बनर्जी को जनादेश का सम्मान करते हुए तुरंत मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
आठवले ने कहा कि अगर ममता बनर्जी इस्तीफा देने से इनकार करती हैं, तो राज्यपाल को उनकी सरकार बर्खास्त कर भाजपा को सरकार बनाने का न्योता देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी की भूमिका संविधान और लोकतंत्र के खिलाफ है।
रामदास आठवले ने तमिलनाडु और केरल का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां चुनावी हार के बाद मुख्यमंत्रियों ने तुरंत इस्तीफा देकर लोकतांत्रिक परंपरा का पालन किया, लेकिन ममता बनर्जी सत्ता छोड़ने को तैयार नहीं हैं।
इसके साथ ही भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रकांत रथ की हत्या का भी आठवले ने कड़ा विरोध किया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में बढ़ती गुंडागर्दी को खत्म करने के लिए केंद्र सरकार को सख्त कदम उठाने चाहिए।