
उत्तर प्रदेश सरकार में व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी सरकार के नेतृत्व की जमकर सराहना की है।
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तुलना भगवान हनुमान से करते हुए कहा कि उनका व्यक्तित्व, प्रतिभा और कृतित्व हनुमान जी जैसा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दुष्टों और अपराधियों के लिए कालनेमी की तरह हैं, जबकि राष्ट्रभक्तों, समाजसेवियों और आम जनता के लिए संकटमोचक की भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश की जनता की समस्याओं और कष्टों का लगातार समाधान कर रहे हैं, यही वजह है कि प्रदेशवासियों के मन में उनके प्रति अगाध श्रद्धा और विश्वास है। मंत्री अग्रवाल ने योगी सरकार के नेतृत्व को प्रदेश के विकास और सुशासन के लिए महत्वपूर्ण बताया।