मुंबई में विश्व थैलेसीमिया दिवस के अवसर पर मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल देखने को मिली। मुंबई की मेयर रितू तावड़े और सार्वजनिक स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष हरीश भांदिर्गे ने सायन स्थित लोकमान्य तिलक महानगरपालिका अस्पताल पहुंचकर रक्तदान किया। खास बात यह रही कि दोनों जनप्रतिनिधियों ने पूरे दिन के व्यस्त सरकारी और प्रशासनिक कार्यक्रमों के बाद रात में अस्पताल पहुंचकर यह सामाजिक संदेश दिया।
दिनभर धारावी और परेल में स्वास्थ्य सेवाओं के उद्घाटन, महानगरपालिका मुख्यालय में बैठकों और सभागृह की कार्यवाही के बाद भी मेयर रितू तावड़े सीधे सायन अस्पताल पहुंचीं और थैलेसीमिया पीड़ित मरीजों के लिए रक्तदान किया। इस पहल का उद्देश्य लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना और थैलेसीमिया मरीजों के लिए नियमित रक्त उपलब्ध कराने का संदेश देना था।
इस दौरान अस्पताल के डीन डॉ. प्रमोद इंगळे, पैथोलॉजी विभाग प्रमुख अंजली अमरापुरकर समेत कई वरिष्ठ डॉक्टर और ब्लड बैंक के कर्मचारी मौजूद रहे।
रक्तदान के बाद मेयर रितू तावड़े ने कहा कि थैलेसीमिया मरीजों को नियमित रूप से रक्त की जरूरत होती है और हर नागरिक को साल में कम से कम एक बार रक्तदान जरूर करना चाहिए। उन्होंने मुंबईकरों से आगे आकर रक्तदान करने की अपील भी की।
