
महाराष्ट्र कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाळ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किए गए अपने पोस्ट में सपकाळ ने आरोप लगाया कि देश में पेट्रोल-डीजल और एलपीजी गैस की भारी कमी, महंगाई और आर्थिक संकट के बावजूद प्रधानमंत्री केवल इवेंट, फोटोशूट और प्रचार में व्यस्त हैं।
सपकाळ ने कहा कि चुनाव जीतने के लिए देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाया गया और अब आम जनता को ही त्याग और कटौती की सलाह दी जा रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जनता से पेट्रोल-डीजल कम खरीदने, सोना न खरीदने, खाद और खाद्य तेल कम इस्तेमाल करने की बात कही जा रही है, जबकि सरकार अपनी जिम्मेदारियों से बच रही है।
कांग्रेस नेता ने यह भी आरोप लगाया कि जब दुनिया के कई देश संभावित आर्थिक संकट की तैयारी कर रहे थे, तब केंद्र सरकार चुनाव, प्रचार और राजनीतिक एजेंडे में व्यस्त थी। उन्होंने कहा कि कोविड काल में भी सरकार ने गंभीर तैयारियों के बजाय प्रतीकात्मक कार्यक्रमों पर ज्यादा ध्यान दिया।
सपकाळ ने राहुल गांधी के लगातार दिए गए आर्थिक और सामाजिक चेतावनी वाले बयानों का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने विपक्ष की बातों को नजरअंदाज किया और आज उसकी कीमत आम नागरिक चुका रहा है।
अपने बयान के आखिर में हर्षवर्धन सपकाळ ने प्रधानमंत्री मोदी को “इवेंट मैनेजर” बताते हुए कहा कि देश को दूरदर्शी नेतृत्व की जरूरत थी, लेकिन सरकार प्रचार राजनीति में उलझी रही।