
रायगढ़ जिले के रोहा-अष्टमी नगर परिषद क्षेत्र में आज विकास कार्यों की बड़ी सौगात देखने को मिली, जहां उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्षा सुनेत्रा अजित पवार के हाथों कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का भूमिपूजन किया गया।
इस मौके पर आयोजित जनसभा में सुनेत्रा पवार ने कोकण को महाराष्ट्र के विकास का “कणा”, यानी रीढ़ बताते हुए कहा कि यहां के लोगों ने अपनी मेहनत से इस भूमि को समृद्ध बनाया है। उन्होंने कहा कि विकास का मतलब केवल सीमेंट की सड़कें बनाना नहीं, बल्कि लोगों के जीवन में आर्थिक समृद्धि और खुशहाली लाना है।
सुनेत्रा पवार ने अपने संबोधन में दिवंगत अजितदादा पवार को याद करते हुए कहा कि दादा को कोकण और यहां के लोगों से बेहद लगाव था। उन्होंने कहा कि दादा हमेशा कोकण के विकास के लिए खड़े रहे और वही प्रेम अब आगे भी कायम रहेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि तटकरे परिवार ने उन्हें कार्यक्रम में बुलाकर जो सम्मान दिया है, वह दादा की शुरू की हुई परंपरा को आगे बढ़ाने जैसा है।
वहीं राष्ट्रवादी कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष सांसद सुनील तटकरे अपने संबोधन के दौरान भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि “अब दूसरा दादा होना संभव नहीं है, लेकिन उनकी दूरदृष्टि और विकास मॉडल को लेकर हम लगातार काम करते रहेंगे।”
तटकरे ने कहा कि रायगढ़ जिले के विकास के लिए अजितदादा ने हमेशा विशेष ध्यान दिया। निसर्ग तूफान हो या कोरोना काल, दादा हमेशा लोगों की मदद के लिए सबसे पहले पहुंचे।
उन्होंने कहा कि बारामती देश का पहला रोल मॉडल विकास क्षेत्र बना और वहां की हर सड़क, हर पेड़ और हर कोने में दादा की सोच दिखाई देती है। उसी तरह रोहा और रायगढ़ में भी विकास की वही छाप दिखाई देगी।
इस दौरान महिला एवं बाल विकास मंत्री अदिती तटकरे भी भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि अजितदादा का जाना एक अपूरणीय क्षति है, लेकिन उनका आशीर्वाद और मार्गदर्शन हमेशा रायगढ़ और कोकण के साथ रहेगा।
कार्यक्रम में सुनेत्रा पवार का विशेष सत्कार किया गया। अदिती तटकरे और अनिकेत तटकरे ने उन्हें स्नेहपत्र देकर सम्मानित किया।
रोहा-अष्टमी नगर परिषद क्षेत्र में कुंडलिका नदी किनारे बाढ़ सुरक्षा दीवार, नदी संवर्धन कार्य, गार्डन और फूड स्ट्रीट विकास, ब्लड बैंक आधुनिकीकरण, शिवसृष्टी शिल्प निर्माण और धावीर महाराज मंदिर के भक्त निवास के नवीनीकरण जैसे कई विकास कार्यों का भूमिपूजन इस दौरान किया गया।
कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।