Home राज्यउत्तर प्रदेशआजमगढ़ में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मुठभेड़ में ट्रैक्टर-पिकअप चोरी गैंग का एक बदमाश घायल, साथी गिरफ्तार

आजमगढ़ में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मुठभेड़ में ट्रैक्टर-पिकअप चोरी गैंग का एक बदमाश घायल, साथी गिरफ्तार

by Kalpana Pandey
0 comments

आजमगढ़। तरवां थाना क्षेत्र में पुलिस और SOG टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। ट्रैक्टर और पिकअप चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के खिलाफ की गई संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान हुई मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया।


पुलिस के अनुसार, 2 मई 2026 को मौलानीपुर निवासी पूनम गिरी ने ट्रैक्टर चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।


11 से12 मई की रात थाना तरवां पुलिस और SOG टीम बोगरिया बाजार क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी, तभी सूचना मिली कि चोरी का ट्रैक्टर और पिकअप लेकर बदमाश कंचनपुर से बोगरिया की ओर आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने बांसगांव तिराहे पर घेराबंदी की।


कुछ देर बाद एक पिकअप और उसके पीछे ट्रैक्टर आता दिखाई दिया। पुलिस ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया तो पिकअप चालक वाहन लेकर भागने लगा, जिसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। वहीं ट्रैक्टर चालक ने भागते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।


पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश की पहचान विनोद उर्फ सिंटू निवासी मीरपुर थाना बहरियाबाद, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। उसके साथी अमित कुमार उर्फ धासू को भी पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया।


मौके से पुलिस ने एक तमंचा 315 बोर, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, चोरी का ट्रैक्टर, पिकअप वाहन, छह बोरी अनाज और 4500 रुपये नकद बरामद किए हैं।


पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कई जिलों में वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। दोनों आरोपी चोरी के बाद सामान बेचकर रकम आपस में बांट लेते थे।


गिरफ्तार बदमाशों के खिलाफ कई जिलों में गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

You may also like

Leave a Comment