
ठाणे के शास्त्रीनगर इलाके में रहने वाले विजय गुजर के परिवार के लिए कुछ दिन पहले आई आग की घटना जिंदगी का सबसे बड़ा संकट बन गई थी। शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग में उनका पूरा घर और वर्षों की मेहनत से जुटाया गया सामान जलकर खाक हो गया था। लेकिन इस मुश्किल घड़ी में “डॉ. श्रीकांत शिंदे फाउंडेशन” ने आगे आकर परिवार को नया सहारा दिया।
कल्याण लोकसभा क्षेत्र के सांसद Dr. Shrikant Shinde के मार्गदर्शन में फाउंडेशन ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। फाउंडेशन के पदाधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया और परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
सिर्फ भरोसा ही नहीं, बल्कि महज 15 दिनों के भीतर गुजर परिवार के घर की मरम्मत, जरूरी सुविधाएं और पुनर्निर्माण का पूरा काम पूरा कर दिया गया। अब यह परिवार फिर से अपने नए घर में नई उम्मीदों के साथ जिंदगी शुरू कर चुका है।
मदद के लिए आभार जताने विजय गुजर और उनके परिवार ने सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे से मुलाकात की। इस दौरान सांसद ने परिवार से बातचीत कर भविष्य में भी हर संभव सहायता का भरोसा दिया। वहीं गुजर परिवार ने कहा कि संकट की घड़ी में मिली इस मदद ने उनके जीवन में फिर से उम्मीद और खुशियां लौटा दी हैं।