मुंबई से भुसावल जा रही कुशीनगर एक्सप्रेस उस वक्त एक मिसाल बन गई, जब चलती ट्रेन में एक गर्भवती महिला ने बच्ची को जन्म दिया। रेलवे कर्मचारियों की तत्परता और एक नर्स की सूझबूझ से मां और नवजात दोनों की जान सुरक्षित बचाई गई।
जानकारी के मुताबिक ट्रेन संख्या 22538 कुशीनगर एक्सप्रेस में भुसावल खंड तक ड्यूटी पर तैनात सीटीआई आर.एस. तेली को कल्याण स्टेशन पार करने के बाद सूचना मिली कि जनरल कोच में सफर कर रही एक महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई है। जनरल डिब्बे में भारी भीड़ होने की वजह से महिला की हालत लगातार बिगड़ रही थी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कसारा स्टेशन पहुंचने पर रेलवे कर्मचारियों और यात्रियों की मदद से महिला को ए-1 कोच के कैरी डोर तक लाया गया। इसी दौरान ट्रेन में मौजूद नर्स पूजा खड़गे मदद के लिए आगे आईं। नर्स और रेलवे स्टाफ की मदद से चलती ट्रेन में ही महिला की सुरक्षित डिलीवरी कराई गई और उसने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया।
घटना की सूचना तुरंत रेलवे कंट्रोल रूम को दी गई, जिसके बाद इगतपुरी स्टेशन पर एंबुलेंस, डॉक्टर और मेडिकल टीम को पहले से तैयार रखा गया। ट्रेन पहुंचते ही महिला और नवजात बच्ची को रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दोनों की हालत सुरक्षित बताई जा रही है।
चलती ट्रेन में इंसानियत और जिम्मेदारी की यह तस्वीर अब चर्चा का विषय बनी हुई है।