गाजीपुर में महिला आरक्षण बिल को लेकर सियासी माहौल गरमा गया। भारतीय जनता पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं ने समाजवादी पार्टी के सांसद अफजाल अंसारी के मोहम्मदाबाद स्थित आवास पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने किया।
प्रदर्शन के दौरान बीजेपी महिला कार्यकर्ताओं ने विपक्ष के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आरोप लगाया कि महिला आरक्षण बिल को लागू होने से रोकने के लिए विपक्ष लगातार नकारात्मक राजनीति कर रहा है।
इस बीच सांसद अफजाल अंसारी खुद अपने आवास से बाहर आए और प्रदर्शन कर रही महिलाओं से सीधे संवाद किया। करीब आठ मिनट तक दोनों पक्षों के बीच माइक पर खुली बहस हुई। अफजाल अंसारी ने कहा कि उनकी पार्टी महिला विरोधी नहीं है, लेकिन महिला आरक्षण बिल में कई खामियां हैं। उन्होंने कहा कि 2011 की जनगणना के आधार पर 2026 के परिसीमन के साथ इस बिल को लागू करना न्यायसंगत नहीं होगा।
वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने पलटवार करते हुए कहा कि अगर यह बिल पारित हो जाता तो हर वर्ग और समाज की महिलाओं को राजनीति में बराबरी का अवसर मिलता। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष केवल परिवारवाद की राजनीति करना चाहता है और आम महिलाओं को आगे बढ़ने से रोक रहा है।
सपना सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक रूप से मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं और महिला आरक्षण बिल उसी सोच का हिस्सा है।
करीब 10 से 15 मिनट तक चले इस सियासी संवाद को मौके पर मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल कैमरों में रिकॉर्ड भी किया। बाद में बीजेपी महिला कार्यकर्ता शांतिपूर्ण तरीके से वापस लौट गईं, जबकि सांसद अफजाल अंसारी बिना मीडिया से बातचीत किए अपने आवास के अंदर चले गए।
गाजीपुर में महिला आरक्षण बिल को लेकर हुआ यह प्रदर्शन अब जिले की राजनीति में नई बहस का विषय बन गया है।