गाजीपुर जिले में अवैध रूप से संचालित हो रहे अस्पतालों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नंदगंज क्षेत्र में संचालित आयुष्मान हॉस्पिटल और शिव हॉस्पिटल को सीज कर दिया।
जानकारी के अनुसार दोनों अस्पताल लंबे समय से बिना पंजीकरण के चल रहे थे। इतना ही नहीं, इन अस्पतालों के खिलाफ पहले से एफआईआर भी दर्ज थी, लेकिन इसके बावजूद अस्पतालों का संचालन लगातार जारी था। मामले के सामने आने के बाद जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
डीएम के आदेश के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम सक्रिय हुई और मौके पर पहुंचकर दोनों अस्पतालों को सीज करने की कार्रवाई की गई। इस दौरान विभागीय अधिकारियों ने अस्पतालों से संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की।
स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। वहीं, अवैध अस्पतालों के संचालन को लेकर स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि एफआईआर दर्ज होने के बावजूद लंबे समय तक इन अस्पतालों का संचालन जारी रहा।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध रूप से संचालित अस्पतालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।