मुंबई : बांद्रा पूर्व स्थित गरीब नगर इलाके में वेस्टर्न रेलवे ने मंगलवार सुबह अतिक्रमण हटाने का बड़ा अभियान शुरू किया। इस कार्रवाई के तहत करीब 500 से अधिक घरों को हटाया जा रहा है।
रेलवे प्रशासन का कहना है कि यह कदम बॉम्बे हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के अनुपालन में उठाया जा रहा है। अभियान के दौरान इलाके में भारी पुलिस बल और रेलवे सुरक्षा बल की तैनाती की गई है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को रोका जा सके।
कार्रवाई शुरू होते ही इलाके में हलचल मच गई और कई लोग अपने सामान सुरक्षित स्थानों पर ले जाते नजर आए। अधिकारियों के अनुसार, यह अभियान रेलवे की जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराने और भविष्य की परियोजनाओं को सुचारु रूप से आगे बढ़ाने के लिए चलाया जा रहा है।
स्थानीय स्तर पर इस कार्रवाई को लेकर तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है, जबकि प्रशासन ने लोगों से सहयोग करने की अपील की है।