रायगढ़ : रायगढ़ जिले के खालापुर तालुका स्थित कीरखंडी इलाके में एएम एनएस कंपनी में एक ठेका मजदूर की मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान श्रीकांत विश्वकर्मा के रूप में हुई है। घटना के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों और कामगारों ने कंपनी के बाहर धरना प्रदर्शन कर नाराज़गी जताई।
जानकारी के मुताबिक, खालापुर तालुका के कीरखंडी स्थित एएम एनएस कंपनी में काम के दौरान ठेका मजदूर श्रीकांत विश्वकर्मा की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय कामगार और जनप्रतिनिधि कंपनी परिसर के बाहर जमा हो गए और ठिय्या आंदोलन शुरू कर दिया।
प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिवार को न्याय और उचित मुआवजा देने की मांग की। कामगारों का कहना है कि कंपनी प्रशासन को मामले में जिम्मेदारी लेते हुए परिवार की हर संभव मदद करनी चाहिए।
स्थिति तनावपूर्ण होती देख खालापुर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आंदोलन कर रहे लोगों को शांत कराया। घटना के बाद इलाके में शोक और नाराज़गी का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।