
कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को कोलकाता स्थित प्रसिद्ध दक्षिणेश्वर काली मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने मां काली की पूजा-अर्चना कर राज्य में नई सरकार के गठन से पहले आशीर्वाद लिया।
अमित शाह एयरपोर्ट से सीधे दक्षिणेश्वर मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधिवत आरती और दर्शन किए। मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। शाह के मंदिर पहुंचने के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
बताया जा रहा है कि अमित शाह पश्चिम बंगाल भाजपा विधायक दल की अहम बैठक में शामिल होने के लिए कोलकाता पहुंचे हैं। न्यू टाउन में होने वाली इस बैठक में भाजपा के नवनिर्वाचित विधायक नए मुख्यमंत्री के नाम पर फैसला कर सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक बैठक में नए मंत्रिमंडल की रूपरेखा और शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों पर भी चर्चा होगी।
भाजपा ने इस बार पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बड़ा प्रदर्शन करते हुए 294 में से 206 सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं तृणमूल कांग्रेस 80 सीटों पर सिमट गई। बंगाल में पहली बार भाजपा सरकार बनने जा रही है, जिसे पार्टी ऐतिहासिक जीत मान रही है।
जानकारी के अनुसार 9 मई को कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत एनडीए के कई वरिष्ठ नेता शामिल हो सकते हैं।