
मुंबई से बड़ी राजनीतिक खबर सामने आई है। पश्चिम बंगाल की मौजूदा राजनीतिक स्थिति को लेकर वंचित बहुजन आघाड़ी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट प्रकाश आंबेडकर ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से इस्तीफे की मांग की है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए प्रकाश आंबेडकर ने कहा कि ममता बनर्जी को जनादेश का सम्मान करते हुए मुख्यमंत्री पद छोड़ देना चाहिए।
आंबेडकर ने कहा कि उन्होंने और उनके सहयोगियों ने समय-समय पर ममता बनर्जी और उनकी पार्टी को बीजेपी की रणनीतियों और राजनीतिक चालों को लेकर आगाह किया था, लेकिन उन चेतावनियों को गंभीरता से नहीं लिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा राजनीतिक परिस्थिति उसी का परिणाम है।
प्रकाश आंबेडकर ने संविधान का हवाला देते हुए कहा कि संक्रमणकालीन व्यवस्था समाप्त होने के बाद ममता बनर्जी के पास मुख्यमंत्री पद पर बने रहने का कोई स्पष्ट संवैधानिक आधार नहीं है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की मर्यादा बनाए रखने के लिए ममता बनर्जी को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए।
इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है और पश्चिम बंगाल की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है।