
गाजीपुर: गाजीपुर में स्वामी सहजानंद सरस्वती की 76वीं पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे घोसी के पूर्व सांसद अतुल राय ने राम मंदिर में कथित चंदा गबन मामले और उत्तर प्रदेश की राजनीति पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि भगवान के नाम पर चंदे में चोरी से अधिक निकृष्ट कार्य कोई नहीं हो सकता।
अतुल राय ने कहा कि इस मामले में दर्ज एफआईआर और चल रही जांच के बाद जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे तथा एसआईटी जांच की प्रक्रिया के बाद ही मामला आगे बढ़ा है।
राजनीतिक मुद्दों पर बोलते हुए पूर्व सांसद ने दावा किया कि वर्ष 2017 के बाद बहुजन समाज पार्टी का वोट बैंक दूसरी ओर चला गया था, लेकिन अब पार्टी का पारंपरिक कैडर वोट और सर्व समाज का समर्थन दोबारा बसपा के साथ लौट रहा है।
उन्होंने हाल ही में हुई बसपा की रैली का उल्लेख करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं की बड़ी भागीदारी ने यह संकेत दे दिया है कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में बसपा मजबूती से वापसी करेगी। अतुल राय ने दावा किया कि 2027 में बहुजन समाज पार्टी की सरकार बनेगी।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने स्वामी सहजानंद सरस्वती के विचारों को याद करते हुए लोगों से उनके जीवन और संघर्षों से प्रेरणा लेने का भी आह्वान किया।