Home क्राइमसाकीनाका पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 23.89 लाख की 11 स्पोर्ट्स बाइक बरामद, 15 मामलों का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

साकीनाका पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 23.89 लाख की 11 स्पोर्ट्स बाइक बरामद, 15 मामलों का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

by Suhani Sharma
0 comments
साकीनाका पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 23.89

मुंबई के साकीनाका पुलिस थाने की मोटर वाहन चोरी विरोधी टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 23 लाख 89 हजार रुपये मूल्य की 11 स्पोर्ट्स मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इस कार्रवाई में दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मुंबई शहर और उपनगरों में दर्ज कुल 15 मोटरसाइकिल चोरी के मामलों का खुलासा किया है।


जानकारी के मुताबिक, 22 नवंबर 2025 की रात अंधेरी–घाटकोपर लिंक रोड स्थित बिलाल मस्जिद के सामने खड़ी रॉयल एनफील्ड इंटरसेप्टर 650 (MH-03-EK-7684) चोरी हो गई थी। इस मामले में साकीनाका पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 1089/2025 के तहत धारा 303(2) बीएनएस 2023 में केस दर्ज किया गया था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचना के आधार पर ठाणे क्षेत्र से पहले आरोपी मिराज उर्फ बबलू मोहम्मद रईस खान (26) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसके साथी उमेर अमीन शेख (20), निवासी धुले, का नाम सामने आया। पुलिस ने उसे राजस्थान के अजमेर जिले में स्थानीय दर्गाह थाना क्षेत्र से हिरासत में लेकर विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
जांच में खुलासा हुआ है कि मुख्य आरोपी मुंबई के विभिन्न इलाकों से मोटरसाइकिल चोरी करता था और नंबर प्लेट हटाकर उन्हें दूसरे आरोपी के माध्यम से बेच देता था। आरोपियों ने साकीनाका पुलिस थाने के 10 मामलों सहित वीबी नगर, कुर्ला, सायन और धारावी पुलिस थानों में दर्ज 5 अन्य मामलों को भी कबूल किया है।

बरामद वाहनों में रॉयल एनफील्ड इंटरसेप्टर 650, हंटर 350, बुलेट 350 और यामाहा एमटी-15 सहित कुल 11 स्पोर्ट्स मोटरसाइकिलें शामिल हैं। सभी वाहनों की नंबर प्लेट हटाई गई थी ताकि पहचान छिपाई जा सके।
यह कार्रवाई मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में साकीनाका पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सुनील यादव और उनकी टीम द्वारा की गई। सह पुलिस आयुक्त (लॉ एंड ऑर्डर) सत्यनारायण चौधरी, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त परम जीत सिंह दहिया और पुलिस उपायुक्त (जोन-10) दत्ता नलावाडे के निर्देशानुसार यह पूरी कार्रवाई अंजाम दी गई।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और आशंका है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य मामलों का भी जल्द खुलासा हो सकता है। मुंबई में सक्रिय वाहन चोर गिरोह के खिलाफ यह बड़ी और प्रभावी कार्रवाई मानी जा रही है।

You may also like

Leave a Comment