
महाराष्ट्र के Chandrapur जिले के सिंदेवाही तालुका स्थित गुंजेवाही जंगल क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब तेंदूपत्ता संकलन के लिए जंगल गई चार महिलाओं पर वाघ (टाइगर) ने हमला कर दिया। इस दर्दनाक घटना में चारों महिलाओं की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में भय और गुस्से का माहौल बन गया। जानकारी मिलते ही वन विभाग और पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतदेह उठाने से इनकार करते हुए वन विभाग के खिलाफ जोरदार नाराजगी जताई।
मृत महिलाओं की पहचान कवडूबाई दादाजी मोहुर्ले (45), अनुबाई दादाजी मोहुर्ले (46), संगीता संतोष चौधरी (36) और सुनीता कौशिक मोहुर्ले (33) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सभी महिलाएं रोज की तरह जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ने गई थीं, तभी अचानक घात लगाए बैठे टाइगर ने उन पर हमला कर दिया। घटना के बाद गांव में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों ने प्रशासन के सामने कई मांगें रखीं, जिनमें आदमखोर टाइगर को तुरंत पकड़ने, मृतकों के परिवार को सरकारी नौकरी देने, तेंदूपत्ता संकलन के दौरान वन कर्मचारियों की मौजूदगी सुनिश्चित करने और गांव के आसपास रात में गश्त बढ़ाने की मांग प्रमुख रही। अधिकारियों द्वारा मांगों पर सकारात्मक आश्वासन दिए जाने के बाद स्थिति शांत हुई और मृतदेह परिजनों को सौंप दिए गए। फिलहाल वन विभाग इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रहा है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।