शहापुर/ठाणे:
शहापुर तालुका के किन्हवली के पास स्थित शिळ गांव में फूड प्वाइजनिंग का मामला सामने आया है, जहां 22 लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ने से हड़कंप मच गया। सभी प्रभावित लोगों को उपचार के लिए शहापुर उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार गांव में तीन दिन पहले एक व्यक्ति का निधन हुआ था। इसके बाद आयोजित राख विसर्जन कार्यक्रम में शामिल लोगों के लिए भोजन तैयार किया गया था। दोपहर में कुछ लोगों ने भोजन कर लिया, जबकि बचा हुआ खाना खराब न हो इसलिए उसे ठंडे पानी से भरी बाल्टी में रख दिया गया।
शाम को यही बचा हुआ भोजन रिश्तेदारों और अन्य लोगों को परोसा गया। भोजन करने के कुछ समय बाद कई लोगों को उल्टी, दस्त, बुखार और घबराहट जैसी शिकायतें शुरू हो गईं। देखते ही देखते 22 लोगों की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में सभी मरीजों का इलाज जारी है। स्वास्थ्य विभाग की टीम मामले की जांच में जुट गई है और भोजन के नमूने जांच के लिए भेजे जाने की तैयारी की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर खराब भोजन खाने की वजह से फूड प्वाइजनिंग की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल सभी मरीजों की हालत स्थिर बताई जा रही है और स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।