
लातूर, महाराष्ट्र:
महाराष्ट्र के लातूर शहर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा सम्राट चौक से गुळ मार्केट जाने वाले मार्ग पर हुआ, जहां एक निजी बस की चपेट में आने से युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, पूरी घटना बस में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। हादसे की तस्वीरें सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में नागरिक घटनास्थल पर एकत्र हो गए।
स्थानीय लोगों ने बस चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि शहर में भारी वाहनों की आवाजाही और तेज रफ्तार के कारण सड़क हादसों का खतरा लगातार बढ़ रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने संबंधित चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है तथा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।