
कल्याण | ठाणे जिले के कल्याण पूर्व स्थित आत्माराम नगर इलाके में गुरुवार को हुई फायरिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। गोलीबारी में पत्रकार के बेटे राहुल वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार, आत्माराम नगर क्षेत्र में दो राउंड फायरिंग की गई। गोली लगने से राहुल वर्मा गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस और अपराध शाखा की टीम मौके पर पहुंची। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दही गैंग से जुड़े चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से पूछताछ जारी है और घटना में इस्तेमाल किए गए हथियारों की भी जांच की जा रही है।
कल्याण के डीसीपी Atul Zende ने बताया कि फायरिंग के पीछे की वजह, आरोपियों की आपराधिक पृष्ठभूमि और आपसी रंजिश समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
इस घटना ने कल्याण क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों और गैंगवार को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य संदिग्धों की तलाश भी की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।