Home क्राइमठाणे में 3 करोड़ की ड्रग्स बरामद, कश्मीर के दो तस्कर गिरफ्तार; नार्को-टेरर एंगल से जांच

ठाणे में 3 करोड़ की ड्रग्स बरामद, कश्मीर के दो तस्कर गिरफ्तार; नार्को-टेरर एंगल से जांच

by Kalpana Pandey
0 comments

ठाणे | ठाणे क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थों के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपी जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के रहने वाले हैं। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच नार्को-टेरर और संभावित अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन के एंगल से भी कर रही है।

पुलिस के अनुसार, कलवा के खारेगांव इलाके में की गई कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 3 किलो 20 ग्राम चरस और 12,974 ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए गए। जब्त मादक पदार्थों की कुल कीमत 3 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फिरोज खान और मोटू फुलायचे के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह ड्रग्स नेटवर्क आतंकवाद प्रभावित कुपवाड़ा क्षेत्र से संचालित किया जा रहा था। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि महाराष्ट्र में ड्रग्स की सप्लाई किस नेटवर्क के जरिए की जा रही थी।

ठाणे क्राइम ब्रांच के अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए कई एजेंसियों से समन्वय कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। जांच के दौरान ड्रग्स तस्करी के पीछे किसी बड़े गिरोह या विदेशी नेटवर्क की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें 12 जून तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। पूछताछ के आधार पर जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आने की संभावना जताई जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसियां इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि कहीं इस ड्रग्स रैकेट का संबंध पाकिस्तान समर्थित नेटवर्क या नार्को-टेरर फंडिंग से तो नहीं है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है और जांच जारी है।

You may also like

Leave a Comment