Home दुनियाभिवंडी में पेपर गोदाम में भीषण आग, 9 गोदाम चपेट में; दमकल की कई गाड़ियां मौके पर

भिवंडी में पेपर गोदाम में भीषण आग, 9 गोदाम चपेट में; दमकल की कई गाड़ियां मौके पर

by Kalpana Pandey
0 comments

भिवंडी | ठाणे जिले के भिवंडी तालुका स्थित वावली गांव में गुरुवार शाम एक बड़े औद्योगिक परिसर में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग जय भगवान रियलिटीज प्राइवेट लिमिटेड परिसर में स्थित पेपर वैंटेज प्राइवेट लिमिटेड के 9 गोदामों में लगी, जहां भारी मात्रा में पेपर रोल और अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी गई थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और गोदामों के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग से उठता धुआं दूर-दूर तक दिखाई दिया, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही भिवंडी निजामपुर महानगरपालिका अग्निशमन विभाग की कई दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए आग पर काबू पाने के प्रयास तेज कर दिए। कई घंटों तक चली मशक्कत के बाद भी आग को पूरी तरह नियंत्रित करने का प्रयास जारी रहा।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घटना में किसी प्रकार की जनहानि या घायल होने की सूचना नहीं है, जो राहत की बात है। हालांकि आग के कारण गोदामों में रखे लाखों रुपये मूल्य के कागज और अन्य सामग्री के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

अधिकारियों का कहना है कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी कारण की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है, लेकिन वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

फिलहाल पुलिस, अग्निशमन विभाग और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं। आग पर पूरी तरह नियंत्रण के बाद नुकसान का विस्तृत आकलन किया जाएगा और मामले की जांच आगे बढ़ाई जाएगी।

You may also like

Leave a Comment