
मुंबई: मुंबई क्राइम ब्रांच की यूनिट-7 ने पांच साल पुराने एक सनसनीखेज हत्या मामले का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने अपने ही दोस्त की हत्या कर शव और उसकी मोटरसाइकिल को सिंधुदुर्ग जिले के फोंडा घाट की गहरी खाई में फेंक दिया था, ताकि मामला सड़क दुर्घटना प्रतीत हो।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अशपाक मुलाणी उर्फ निहाल, निवासी माळशिरस (जिला सोलापुर) के रूप में हुई है। घटना के समय मामला सड़क हादसे के रूप में दर्ज किया गया था, लेकिन हाल ही में मुंबई क्राइम ब्रांच को मिली गुप्त सूचना के आधार पर केस की दोबारा जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान सामने आया कि पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के कारण आरोपियों ने सिंधुदुर्ग के कुडाळ स्थित एक होटल में अशपाक को बुलाया था। देर रात आरोपियों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए शव तथा मोटरसाइकिल को फोंडा घाट की खाई में फेंक दिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध कबूल कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरेश चंद्रहास सोनावडेकर, मनोज नारायण भंडगे, अतिश भगवान मोरे और ऋतुराज शेट्टी के रूप में हुई है।
यह मामला मूल रूप से सिंधुदुर्ग के कणकवली पुलिस स्टेशन में दर्ज था। क्राइम ब्रांच ने सभी आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए कणकवली पुलिस के हवाले कर दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई दर्शाती है कि अपराधी चाहे कितने भी समय तक बचने की कोशिश करें, कानून के शिकंजे से बच नहीं सकते। मामले में आगे की जांच जारी है।