
मुंबई में बृहन्मुंबई महानगरपालिका यानी बीएमसी की मुख्य जलवाहिनी में बड़ी खराबी आने से कई इलाकों में पानी सप्लाई प्रभावित हो गई है। डॉ. ई. मोझेस मार्ग स्थित फेमस स्टूडियो के सामने 1650 मिलीमीटर व्यास की मुख्य जलवाहिनी में दरार आने से भारी मात्रा में पानी का रिसाव शुरू हो गया। यह घटना बुधवार रात सामने आई, जिसके बाद बीएमसी के जलकार्य विभाग ने युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है।
मरम्मत का काम बड़ा और तकनीकी रूप से जटिल होने के कारण गुरुवार 7 मई 2026 को ‘डी’, ‘ई’ और ‘जी दक्षिण’ वार्ड के कई इलाकों में पानी सप्लाई पूरी तरह बंद रहेगी, जबकि कुछ क्षेत्रों में कम दबाव से पानी दिया जाएगा।
बीएमसी के अनुसार मुंबई सेंट्रल, ग्रांट रोड ईस्ट, ताड़देव, आग्रीपाड़ा, कामाठीपुरा, साने गुरुजी मार्ग, धोबीघाट समेत कई इलाकों में पानी सप्लाई पूरी तरह ठप रहेगी। वहीं गिरगांव, चौपाटी, बाबुलनाथ रोड और ठाकुरद्वार जैसे क्षेत्रों में कम दबाव से पानी की आपूर्ति की जाएगी।
बीएमसी प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि मरम्मत कार्य पूरा होने तक पानी का उपयोग बेहद सावधानी और बचत के साथ करें। फिलहाल जलवाहिनी की मरम्मत तेजी से जारी है और अधिकारियों का दावा है कि सप्लाई जल्द सामान्य करने की कोशिश की जा रही है।